पिछले कई दिनों से डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बावजूद रोडवेज बसों के यात्री किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। शुक्रवार को परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। बैठक में मंत्री ने रोडवेज को घाटे से उबारने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एकमुश्त बकाया देने, बस स्टैंडो का कायाकल्प करने और बजट घोषणाओं को जल्द ही पूरा करने के निर्देश दिए।
खाचरियावास ने इलेक्ट्रिक बसों को अनुबंध पर लेने की प्रक्रिया में हुई देरी की बात पर कहा कि इस प्रक्रिया पर एजी ऑडिट ने आपत्ति जताई हैं। इन्हें दूर करने के लिए वित्त विभाग और रोडवेज की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। जल्द ही यह खामियां दूर होने के बाद इलेक्ट्रिक बसों को अनुबंध पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोडवेज को और मजबूत बनाने और प्रदेश के हर गांव तक परिवहन सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से रोडवेज के बेड़े में जल्द ही 550 नई बसें सम्मिलित करने की प्रक्रिया चल रही है।
बैठक में परिवहन मंत्री ने रोडवेज के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले, इसके लिए जो भी आवश्यक संसाधन हो, वे जुटाएं जाए। इस काम में देरी नहीं होनी चाहिए। बैठक में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सीएमडी राजेश्वर सिंह, परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव अभय कुमार, और परिवहन आयुक्त महेंद्र सोनी सहित राज्य पथ परिवहन निगम के कई आला अधिकारी उपस्थित थे।
ब्यूरो रिपोर्ट।



0 टिप्पणियाँ