राजस्थान प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने के बाद अब गहलोत सरकार ने ब्यूरोक्रेसी में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है.सुत्रो के अनुसार तबादला सूची को लेकर मंथन जारी है. सूत्रों की मानें तो आईएएस, आईपीएस और आरएएस की लम्बी सूची सीएमओ ने तैयार कर ली है, जिसे आज कल में भी जारी कर सकते हैं.


दरअसल प्रदेश के 12 जिलों में होने वाले पंचायत चुनाव के मध्यनजर इस सूची में काफी बड़ा फेरबदल हो सकता है. इतना ही नही ब्यूरोक्रेसी में इस सूची को लेकर उत्सुकता इस लिए ज्यादा है क्योंकि यह माना जा रहा है कि बड़े स्तर पर उन आईएएस और आईपीएस अफसरों को बदला जा सकता है, जिनसे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी खफा हैं.ब्यूरोक्रेसी के जानकारों की मानें तो दो दर्जन आईएएस, इतने ही आईपीएस और 30 से ज्यादा आरएएस अधिकारियों को इधर-उधर करने की तैयारी पूरी हो चुकी है. \

विश्वस्त सूत्रों ने भी आज कल में नौकरशाहों के तबादलों की सूची जारी होने के संकेत दिए हैं.नौकरशाही में बड़े बदलाव के जरिए गहलोत सरकार एक बार फिर गुड गर्वेंनस का संकेत देना चाहती है. सूत्रों का कहना है सरकार में उच्च स्तर पर तबादला सूची को लेकर मंथन हो रहा है. जल्द ही तबादला सूची सामने आ सकती है. माना जा रहा है कि सरकार दो दर्जन आईपीएस अधिकारियों का भी तबादला करने जा रही है. इनमें कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ-साथ जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके साथ ही सचिवालय में बैठे बड़े अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया जाता है. बताया जा रहा है कई अधिकारियों के साथ मंत्रियों का तालमेल नहीं बैठ रहा है, जिनकी शिकायतें लगातार मुख्यमंत्री तक पहुंच रही हैं.


 लिस्ट लगभग फाइनल- 

सरकार से जुड़े विश्वस्त सूत्रों की मानें तो आईएएस-आईपीएस और आरएएस अधिकारियों की तबादला सूची को लेकर सरकार में होमवर्क पूरा हो चुका है और लगभग तबादला सूची बनकर तैयार है, लेकिन तबादला सूची को अभी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंजूरी का इंतजार है. मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद ही तबादला सूची जारी हो जाएगी.

जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट,