कोटा एमबीएस अस्पताल में भीलवाड़ा जिले के बागोर निवासी विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका प्रिया (19) की ढाई महीने पहले जहाजपुर कस्बे के पंडेर गांव में विक्रम से शादी हुई थी। मृतका के पिता ने पति,सास,ससुर जेठ जेठानी सहित ससुराल के पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने व जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका प्रिया के पिता भेरूलाल भीलवाड़ा पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल है।


पिता भेरूलाल ने बताया कि उनके 5 लकडिय़ां व 2 लडक़ों में प्रिया छठे नम्बर की थी। इसी साल 26 अप्रैल को उसकी शादी की थी। शादी में 4 तोला सोना, टीवी, फ्रिज डबल बेड सहित घरेलू सामान दिया था। शादी के 5-7 दिन बाद ही ससुराल वालों ने प्रिया से मारपीट करना शुरू कर दिया था।और 6 लाख की डिमांड रखी थी। बेटी के साथ मारपीट करने की शिकायत बागोर थाना में दर्ज करवाई थी। उसके बाद भी ससुराल वाले प्रिया से मारपीट करते रहे। मारपीट से परेशान होकर प्रिया को जुलाई में अपने पीहर बागोर बुलाया था। 18 जुलाई को प्रिया अपने पति की बातों में आकर ससुराल चली गई।19 जुलाई से प्रिया के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद प्रिया ने पंडेर थाने में शिकायत दी थी। थाने में आपसी समझाइश के बाद वो ससुराल के घर चली गई।


22 जुलाई को गुप्तांग में मिर्च डालने का किया प्रयास,


22 जुलाई को प्रिया को जंगल मे ले जाकर नंगा कर उसके गुप्तांग में मिर्च डालने का प्रयास किया गया। प्रिया ने जैसे तैसे भागकर अपनी जान बचाई। ओर फोन करके सारी बात बताई। थोड़ी देर बाद किसी व्यक्ति ने फोन करके सूचना दी कि आपकी बेटी ने सल्फास खा लिया। जिसे इलाज के लिए भीलवाड़ा ले जाया जा रहा है। ससुराल वाले प्रिया को भीलवाड़ा ले जाने के बजाय कोटा एमबीएस में भर्ती करवाकर चले गए। एक दिन तक बेटी अस्पताल में अकेली रही। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

लोगों ने हाथ से गोलियां छुड़वाकर पहुंचाया हॉस्पिटल पंडेर थाना के हेड कांस्टेबल भंवरनाथ ने बताया कि 21 तारीख को प्रिया पंडेर बस स्टेंड पर थी। आसपास के लोगों ने बताया वो सल्फास की गोलियां खा रही थी। लोगों ने उसके हाथ से गोलियां छुड़वाकर हॉस्पिटल पहुंचाया। फिर कोटा लेकर आए। अस्पताल में प्रिया की बयान देने की स्थिति नहीं थी। आज सुबह उसकी मौत हो गई। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपर्द किया है। परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज मांगने की शिकायत दी है। जांच जारी है।

कोटा से हँसपाल यादव की रिपोर्ट,