कोटा नगर निगम में शनिवार को हैल्थ ऑफिसर रूम में अचानक आग लग गई। आग की सूचना पर अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि निगम में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम ने काम नही किया। कुछ पॉइंट खराब होने के कारण अलार्म नहीं बजा। दमकल को मौके पर बुलाना पड़ा। 1 दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।


 आग उत्तर निगम की रिकॉर्ड की अलमारी के पास रखी एक टेबल में लगी थी। वहां कम्प्यूटर सिस्टम भी रखा था। आग लगने टेबल के ऊपर व नीचे रखा रिकॉर्ड जल गया। फिलहाल ये पता नहीं चला है कि कौनसी फाइल जली है। इस रूम में कोटा उत्तर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी बैठते है। वर्तमान में कोटा उत्तर व दक्षिण जन स्वास्थ्य विभाग का सेक्शन बनाया हुआ है।



 यहां सफाईकर्मियों से लेकर जन स्वास्थ्य से जुड़े रिकॉर्ड रखे हुए है। जानकारी के मुताबिक घटना सुबह 7 बजे के आसपास की बताई गई है। शनिवार छुट्टी का दिन होने के कारण ज्यादा लोग नहीं थे। अचानक कमरा नम्बर 303 से धुंआ उठता नजर आया। कमरे में लगे कांच के शीशे टूटने लगे। वहां मौजूद लोगों में अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इधर सूचना पाकर उत्तर महापौर मंजू मेहरा, दक्षिण महापौर राजीव अग्रवाल कोटा उत्तर आयुक्त कीर्ति राठौड़ मौके पर पहुंचे। अध जले रिकॉर्ड को अलग करवाया। नष्ट हुए रिकॉर्ड को अलग रखवाया। फिलहाल आग लगने के कारण सामने नहीं आए है। ये साजिश है या कुछ और, ये जांच के बाद ही पता चलेगा।

कोटा से हँसपाल यादव की रिपोर्ट,