ब्यूरो रिपोर्ट।

लगता है कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के ग्रह गोचर पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रहे। हाल ही में आरएएस साक्षात्कार के दौरान उनके परिजनों को समान अंक मिलने पर सामने आए विवाद के बाद अब मंगलवार को एक और नया विवाद सामने आया है। प्रदेश के शिक्षक संगठनों ने डोटासरा पर शिक्षा विभाग में अपने समधी को आउट ऑफ वेज आकर पदोन्नति देने के आरोप लगाए हैं। राजस्थान शिक्षक संघ अरस्तु के प्रदेशाध्यक्ष रामकृष्ण अग्रवाल के अनुसार शिक्षा मंत्री डोटासरा ने अपने समधी को उप निदेशक पद पर पदोन्नति दिलाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के 2 पदों को उपनिदेशक स्तर पर क्रमोन्नत कर दिया। उन्होंने नियमों के परे ऐसा करते हुए चूरू जिला शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र पूनिया को उपनिदेशक बनाने का रास्ता क्लियर कर दिया। डोटासरा पर यह भी आरोप है कि उपनिदेशक के लिए डीपीसी 28 और 29 जुलाई को प्रस्तावित थी लेकिन मंत्रिमंडल फेरबदल की हलचल शुरू होते ही डोटासरा ने आरपीएससी से डीपीसी 2 दिन पहले 26 जुलाई को ही रखवाली। आपको बता दें कि रमेश चंद्र पूनिया 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इस साल की डीपीसी में पुनिया का नंबर नहीं आ रहा था। उन्हें पदोन्नति देने के लिए अजमेर में इंट्रीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के पद को और राधाकृष्ण उच्च अध्ययन संस्थान बीकानेर में जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के पद को उप निदेशक के पद में बदल दिया गया। ऐसा करने से डोटासरा के समधी पूनिया का डीपीसी में पदोन्नति के लिए नंबर आ गया। ये दो पद उपनिदेशक के नहीं होते तो पूनिया का डीपीसी में नंबर नहीं आता।