(फाइल फोटो) 

ब्यूरो रिपोर्ट।

प्रदेश में मंत्रिमंडल पुनर्गठन और विस्तार की गहमागहमी के बीच मुख्यमंत्री से मंत्री और विधायकों की मुलाकातों का दौर तेज हो गया है। प्रदेश के कुछ नेताओं ने दिल्ली में भी डेरा डाल दिया है। आलाकमान के निर्णय से विधायक नाराज नहीं हो इसलिए विधायकों की रायशुमारी का कार्यक्रम तय किया गया था। अब माकन आज और कल कांग्रेस और इसके समर्थित लगभग 119 विधायकों से राय लेंगे। हर विधायक को मुलाकात के दौरान 5 से 7 मिनट का समय दिया जाएगा। विधायकों का फीडबैक प्रदेश प्रभारी अजय माकन अकेले ही लेंगे। इसमें सरकार के कामकाज और मंत्रियों की कार्यप्रणाली के साथ संगठन विस्तार के बारे में भी चर्चा होगी, जिससे कि विधायक खुलकर बोल सके. विधायकों के फीडबैक की रिपोर्ट सीधे सोनिया गांधी को पहुंचाई जाएगी। इससे पहले मंत्रिमंडल पुनर्गठन की चर्चाओं के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर कई मंत्रियों और विधायकों का जमावड़ा लगा रहा। मुख्यमंत्री से मिलने वालों में कई मंत्री ऐसे भी थे जिनके नाम को लेकर मीडिया में बाहर करने की चर्चाएं चल रही है। वहीं कुछ विधायक अपने मंत्री बनने के दावे को लेकर भी मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। मंगलवार को मुख्यमंत्री से ममता भूपेश, राजेंद्र यादव, भजन लाल जाटव, शकुंतला रावत, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, अमीन कागज़ी, गिर्राज मलिंगा और निर्दलीय विधायक खुशवीर सिंह जोजावर सहित कई विधायकों ने मुलाकात की। उधर प्रदेश प्रभारी अजय माकन आज सुबह 10:00 बजे से विधायकों की रायशुमारी में जुट जाएंगे। इस दौरान यह प्रयास भी किया जाएगा कि पार्टी में गुटबाजी को लेकर चल रहे घमासान को किस तरह से शांत किया जाए। मकान के  कार्यक्रम को लेकर जिलेवार समय जारी कर दिया गया है। पहले दिन जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के विधायकों से मुलाकात होगी। और दूसरे दिन अजमेर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर के विधायकों का नंबर आएगा।