पूर्व मंत्री सपोटरा विधायक रमेश मीणा ने करौली जिले के कोडिया श्रीमहावीरजी पहुंचकर छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में शहीद हुए शिवनारायण मीणा के परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक रमेश मीणा ने शहीद के चित्रपट पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनकी शहादत को नमन किया। साथ ही शहीद के पिता ओंकार सिंह और भाई नमो नारायण को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं। 

विधायक ने कहा कि शिव नारायण का शहीद होना परिवार के लिए बज्रपात है लेकिन शहीद की शहादत ने परिवार और जिले का गौरव बनाकर अपना नाम अमर कर दिया है। विधायक ने कहा कि वे स्वयं जिला प्रशासन और सरकार शहीद के परिवार के साथ खडे है।  इस मौके पर कांग्रेसी नेता क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सुरेश बिंदापुरा, रामसहाय गुरदह, जामफल मीणा लाखन मीणा, चंदन गांव के पूर्व डायरेक्टर राजेश गुर्जर, खेम सिंह गुर्जर, रतन सिंह गुर्जर कैमरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियो ने भी शहीद के चित्रपट पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहादत को नमन किया।  गौरतलब है कि श्री महावीर जी थाना क्षेत्र के कोडिया गांव निवासी शिवनारायण मीणा छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आमघाटी में नक्सली हमले में शहीद हो गए थे। शिवनारायण मीणा आइटीबीपी में 45 वीं बटालियन में तैनात थे। 


शहीद के नामकरण की मांग

शहीद शिवनारायण मीणा को नमन करने पहुंचे विधायक रमेश मीणा के समक्ष शहीद के परिजनों ने गांव के विद्यालय का नाम शहीद के नाम पर रखने की मांग की। परिजनों ने विद्यालय के नामकरण के साथ विद्यालय को क्रमोन्नत करने का भी आग्रह किया। इसके अलावा गांव की सड़क का नामकरण भी शहीद के नाम करने की मांग रखी। इस पर विधायक रमेश मीणा ने मुख्यमंत्री से वार्ता कर शहीद के नामकरण का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि वे और उनकी सरकार शहीद के परिजनों के साथ है उनकी हर समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। 

करौली से अवनीश पाराशर की रिपोर्ट,