राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं का रिजल्ट घोषित होने के बाद वायरल हो रहे मैसेज ने लाखों विद्यार्थियों के दिल की धड़कन बढ़ा दी। शिक्षा मंत्री गोविन्दसिंह डोटासरा के नाम से वायरल हो रहे मैसेज में बताया गया है कि कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिन विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं में 75% से ऊपर अंक हासिल किए हैं, उनकी सितंबर में परीक्षा कराई जाएगी। भास्कर ने जब इसकी सत्यता जांची तो पूरा मैसेज फेक पाया गया। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव अरविन्द सैंगवा ने कहा कि परिणाम जारी होने के बाद बोर्ड विद्यार्थियों को मार्कशीट तैयार कर देने की तैयारी कर रहा है। परीक्षा कराने का ऐसा निर्णय न तो बोर्ड ने किया है और न ही सरकार ने। इस मैसेज से किसी भी विद्यार्थी को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है।

यह है वायरल मैसेज, जो फेक है। इसे एडिट करके चलाया गया है।
यह है वायरल मैसेज, जो फेक है। इसे एडिट करके चलाया गया है।

24 जुलाई की शाम को किया था रिजल्ट घोषित

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने वर्ष 2021 के सीनियर सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम शनिवार शाम करीब चार बजे घोषित किया। बोर्ड के 64 साल के इतिहास में यह पहला मौका था, जब बोर्ड ने 12वीं आर्ट्स, साइंस व कॉमर्स का परिणाम एक साथ जारी किया। सबसे पहले साइंस का रिजल्ट घोषित किया गया। इसके बाद आर्टस और कॉमर्स का परिणाम जारी किया गया। साइंस का 99.52, आर्ट्स 99.19 और कॉमर्स का 99.73 प्रतिशत रिजल्ट रहा था। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी रिजल्ट में 98.06 प्रतिशत विद्यार्थी फर्स्ट डिवीजन से पास हुए। ऐसे में 75 प्रतिशत वालों की संख्या भी बड़ी तादाद में है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा बोर्ड परिसर स्थित कॉन्फ्रेंस हाॅल में लैपटॉप पर क्लिक कर परिणाम घोषित किया। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. जारोली, बोर्ड सचिव अरविन्द सेंगवा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

(दैनिक भास्कर से साभार)