बारां के अन्ता कस्बा स्थित हनुवंत खेड़ा गांव में गुरुवार देर रात मामूली बात पर 2 परिवारों में खूनी संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि लाठियों व पत्थर से एक दूसरे पर हमला किया। हमले में एक पक्ष के छोटू लाल प्रजापति (60) की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष की महिला समेत 4 लोग घायल हुए। इनमें से एक गम्भीर है, जिसे बारां रेफर किया गया है।



झगड़ा घर के बाहर नाली में कचरा फेंकने को लेकर हुआ था। छोटू लाल के यहां नॉनवेज बना था। उसने उस खाने का कचरा, हडि्डयां और अंडे के छिलके पड़ोस में रहने वाले मदनलाल के पास वाली नाली में डाल दिए। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और परिवारों में जमकर मारपीट हुई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

छोटूलाल प्रजापति व मदनलाल मीणा का मकान आमने-सामने हैं। गुरुवार को छोटू लाल के घर कार्यक्रम था। छोटू लाल के घर पर नॉनवेज बना था। आरोप है कि इसका कचरा छोटू लाल ने मदन लाल के मकान के पास वाली नाली में डाल दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई, जो बाद में खूनी संघर्ष में तब्दील हुई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। लाठियों व पत्थर से एक दूसरे पर हमला कर दिया। हमले में छोटूलाल की मौत हो गई। मदन लाल व उसकी पत्नी भूली बाई (50), उसके दो बेटे चन्द्रश्याम (30), विक्रम (25) घायल हो गए। मदन लाल की हालत गम्भीर बताई जा रही है।


डीएसपी जिनेंद्र कुमार जैन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दी गई है। मामले की जांच कर रहे हैं।

(दैनिक भास्कर से साभार)