अब प्रदेश के आसमान में भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। जम्मू कश्मीर में ड्रोन से आतंकी हमला होने के बाद सीमा प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस सक्रिय हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की सख्ती के बाद अब राजस्थान में भी सभी जगह डीसीजीए के एसओपी  दायरे में किसी प्रकार का ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। 


ड्रोन उड़ाने के लिए एटीसी और डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन से अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि राजस्थान इंटेलिजेंस ने जम्मू कश्मीर में आईईडी ड्रोन हमला होने और कोलंबिया पुलिस की ओर से आतंकियों की आईइडी ड्रोन हमला करवाने की तकनीक पकड़ने के बीच की आशंका जताई है कि आतंकी राजस्थान में भी ड्रोन से हमला करवा सकते हैं।



राजस्थान इंटेलिजेंस ने इस बाबत शुक्रवार को जयपुर और जोधपुर कमिश्नरेट सहित सभी जिलों की पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत अब ग्रीन जोन में भी ड्रोन उड़ाने की सूचना देनी होगी। राजस्थान में रेड और येलो जोन के 3 किलोमीटर के दायरे में किसी प्रकार का ड्रोन बिना अनुमति नहीं उड़ाया जा सकेगा। ग्रीन जोन में ड्रोन उड़ाने के लिए डिजिस्काई ऐप पर सूचना देनी होगी। 

आपको बता दें कि राजस्थान की सीमा पाकिस्तान से सटी होने और यहां आए दिन जासूस पकड़ने की घटनाएं सामने आने के बाद इस तरह से एहतियात बरती जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट।