नागौर से शबीक उस्मानी की रिपोर्ट। 

नागौर में मंगलवार शाम को कुछ ऐसा हुआ जैसा आमतौर पर हम फिल्मों में देखा करते है । फिल्मी अंदाज में आगे चल रही कार को दूसरी ने टक्कर मारकर घेरा । एक कार में बैठे दो युवकों को दूसरी कर में बैठे कुछ लोग अपनी गाड़ी में डालकर चले गए । मामला क्या है ये हम आपको बताते है । नागौर शहर के ताऊसर रोड पर स्थित हाउसिंग बोर्ड इलाके से आज चेनार सरपंच योगेश सोलंकी उर्फ़ बल्लू की गाड़ी को रूकवाकर अपहरण करने की खबर ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। उनकी गाड़ी को एक अन्य गाड़ी ने टक्कर मारी उसके बाद सरपंच व उनके एक साथी को गाड़ी में डालकर कुछ लोग ले जाते हुए नजर आए।इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा।

वहीं दूसरी ओर इस पूरे मामले की सूचना मिलने पर नागौर कि कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची । पूरे जिले में नाकेबंदी कराने के साथ ही इस पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई ।तब पता चला कि सरपंच को रेंज अजमेर आईजी की स्पेशल टीम के द्वारा किसी मामले में पूछताछ के किए उठाया गया है । वही रेंज आईजी अजमेर के सभी अफसरों के सिविल ड्रेस में होने से लोगों को पूरी घटना अपहरण की लगी और यह बात धीरे-धीरे पूरे जिले में फेल गई।फिलहाल अजमेर IG ऑफिस में सरपंच व उसके साथ एक अन्य युवक से पूछताछ की जा रही है। अजमेर रेंज IG की स्पेशल पुलिस टीम किसी क्रिकेट सट्टा मामले में संलिप्तता के मद्देनजर ,चेनार सरपंच को आईजी ऑफिस में पूछताछ के लिए बुला रही थी । बार बार बुलाने के बाद भी सरपंच के हाजिर नही होने पर मंगकवार शाम को आईजी टीम के सदस्य खुद ही नागौर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए सरपंच योगेश सोलंकी व उसके साथ पंकज भाटी नाम के युवक को अपनी कार में बैठा लिया और अपने साथ ले गए। अजमेर रेंज IG एस सेंगाथिर ने बताया कि ये पूरी कार्रवाई रेंज की स्पेशल पुलिस टीम द्वारा की गई है और अभी सरपंच योगेश सोलंकी से किसी क्रिकेट सट्टा प्रकरण को लेकर आईजी ऑफिस में पूछताछ की जा रही है।वहीं इस पूरे मामले में नागौर पुलिस को भनक तक नही लगने दी गई । अब मामले में नागौर पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है।