ब्यूरो रिपोर्ट!
प्रदेश में इस बार नौतपा के 9 दिन पूरी तरीके से नहीं तपे। यानी की 25 मई से शुरू हुए नौतपा के दौरान प्रदेश में आंधी तूफान के साथ बरसात भी हुई। नौतपा के आखिरी दिन भी बुधवार को राजधानी जयपुर में सुबह 6:00 बजे से ही तेज रफ्तार के साथ आंधी चली। इसके बाद आई बारिश ने एक तरह से मौसम खुशनुमा कर दिया। मौसम के मिजाज देखकर कहीं भी ऐसा नहीं लगा कि हम ज्येष्ठ महीने की गर्मी को देख रहे हैं। आसमान में छाए बादलों के बाद तापमान में भी गिरावट हो गई। कहीं तेज तो कहीं हल्की बरसात राजधानी जयपुर में अलसुबह दर्ज की गई। देखा जाए तो पिछले तीन-चार दिन से पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के मौसम में परिवर्तन आया है। कई जिलों में आंधी तूफान के साथ बरसात हुई है, लेकिन यह गतिविधियां आगामी मानसून के लिहाज से ठीक नहीं कही जा सकती। ज्योतिष के अनुसार यदि नौतपे के दौरान बारिश आती है तो उस साल बरसात मध्यम ही रहती है। यानी खंड वर्षा के योग बनते हैं। उधर मौसम विभाग का भी यह अनुमान है कि इस बार प्रदेश में। मानसून सामान्य रहने के आसार हैं। विभाग के अनुसार आगामी तीन-चार दिन तक प्रदेश के कई जिलों में ऐसी ही गतिविधियां जारी रहने के आसार बने हुए हैं।


0 टिप्पणियाँ