ब्यूरो रिपोर्ट!
पिछले कई दिनों से अपनी दुकान खोलने को व्याकुल हो रहे प्रदेश के व्यापारियों को मॉडिफाई लॉकडाउन के पहले दिन का बेसब्री से इंतजार था। सरकार की ओर से इसमें सुबह 5:00 बजे से 11:00 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति के बाद लोगों ने 1 जून यानी मंगलवार को ही यह मानस बना लिया था कि सुबह जल्दी उठना है। जल्दी तैयार होना है और अपनी दुकान को संभालना है। लेकिन राजधानी के व्यापारियों पर मॉडिफाइड लॉकडाउन का पहला दिन थोड़ा भारी पड़ा। अलसुबह ही अचानक मौसम ने पलटा खाया जिसके साथ ही आंधी बरसात का दौर शुरू हो गया जो लगभग 7:30 तक चला। इसके चलते कई व्यापारियों ने पहले दिन दुकान नहीं खोलने का मानस बना लिया। उनका यह कहना था कि यदि हम जाएंगे तो एक घंटा दुकान तक पहुंचने में लगेगा। उसके बाद पूरी साफ सफाई भी नहीं हो पाएगी और 11:00 बजे दुकान बंद करने का समय हो जाएगा। ऐसे कई व्यापारियों ने गुरुवार से ही अपने व्यवसाय स्थल पर जाने का मानस बना लिया। कई व्यापारियों का तो यह भी कहना था कि जब सरकार राहत देती नजर आई तो ईश्वर उनके दुकान खोलने में रूकावट बन गए यानी बुधवार के दिन उनके व्यवसाय खोलने में राम भी रोड़ा बन गए।


0 टिप्पणियाँ