देशभर में 21 जून से शुरू हुए सभी वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाने का अभियान प्रदेश में तीसरे दिन ही सुस्त होता नजर आ रहा है। राज्य और केंद्र के बीच जुलाई के लिए आवंटित वैक्सीन डोज की संख्या को लेकर फिर से विवाद शुरू हो गया है। केंद्र ने प्रदेश को जुलाई महीने तक के लिए 65,20000 वैक्सीन की डोज आवंटित की है। इनमें से भी 16,30000 वैक्सीन निजी केंद्रों को दी जाएगी
बाकी लगभग 49 लाख डोज ही सरकारी केंद्रों को मिलेगी। जबकि जुलाई के अंत तक ही प्रदेश के 74,66000 लोगों को दूसरी डोज लगाई जानी है। इधर प्रदेश में वैक्सीनेशन अभियान को तीसरे दिन ही झटका लगने की आशंका खड़ी हो गई है चिकित्सा विभाग के अनुसार प्रदेश के पास अब केवल डेढ़ से दो लाख वैक्सीन डोज बाकी रही है।
अगली वैक्सीन की खेप भी 24 को रिलीज होकर 25 जून की शाम तक पहुंचेगी। ऐसे में अब 23, 24 और 25 जून यानी 3 दिन वैक्सीनेशन कार्यक्रम ना के बराबर रहेगा। चिकित्सा विभाग का कहना है कि पहली डोज के लिए ही अभी प्रदेश में 19 आयु वर्ग के तीन करोड़ 34 लाख लोग बाकी है।
जबकि केंद्र ने जुलाई तक के लिए आवश्यक दूसरी डोज ही पूरी नहीं दी है। ऐसे में मिलने वाली वैक्सीन में से दूसरी डोज वालों के लिए भी आरक्षित रखना जरूरी है। चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने इस बाबत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन को पत्र लिखा है। उसमें सवाल किया गया है कि केंद्र यह बताएं कि पहली डोज का अभियान प्रदेश में किस तरह से तेज गति से चलाया जाएगा जबकि इसकी सप्लाई ही पूरी नहीं हो पा रही।
ब्यूरो रिपोर्ट।


0 टिप्पणियाँ