ब्यूरो रिपोर्ट। 

शहर में लोगों को अब ताजा एवं प्रमाणित जैविक फल, सब्जियां और खाद्यान आसानी से मिल सकेंगे। कृषि मंत्री लालचन्द्र कटारिया ने दुर्गापुरा स्थित कृषि प्रबंधन संस्थान परिसर में ‘जैविक उत्पाद विक्रय प्रोत्साहन स्थल’ का शुभारंभ किया। कृषि मंत्री कटारिया ने कहा कि लोग दिनों-दिन शुद्ध खाने को लेकर जागरूक हो रहे हैं और उनका जैविक उत्पादों की ओर रूझान बढ़ रहा है। इससे बाजार में जैविक खाद्य पदार्थों की मांग में वृद्धि हो रही है। किसान भी आधुनिक तकनीक और पारम्परिकता के साथ जैविक खेती की ओर रूख कर रहे हैं। किसान शुरुआत में सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को यहां फ्रेश जैविक उत्पाद लेकर आएंगे और बिक्री करेंगे। भविष्य में पंत कृषि भवन एवं शहर के प्रमुख पार्कों के द्वार पर भी ऐसे विक्रय केन्द्र शुरू करने की योजना है जहां जैविक उत्पादों की खरीद-बिक्री हो सके। कृषि विभाग के प्रमुख सचिव भास्कर ए सावंत ने बताया कि जैविक उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए खरीद-बिक्री का ऑनलाइन प्लेटफाॅर्म भी मुहैया कराया जाएगा। इस मौके पर कृषि आयुक्त डॉ. ओमप्रकाश, सहकारिता रजिस्ट्रार मुक्तानंद अग्रवाल, राजफेड प्रबंध निदेशक सुषमा अरोड़ा, उद्यानिकी आयुक्त अभिमन्यु कुमार और संयुक्त कृषि सचिव एसपी सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं जैविक उत्पादक काश्तकार मौजूद रहे।