ब्यूरो रिपोर्ट, देश के प्रमुख शहरों की एयर कनेक्टिविटी इन दिनों अपने सबसे बुरे दौर में चल रही है। यात्रियों की कम संख्या के चलते हवाई कंपनियों ने 80% से ज्यादा फ्लाइट का संचालन रोक दिया है। प्रदेश की बात करें तो इस समय जयपुर एयरपोर्ट से सिर्फ 6 से 8 फ्लाइट ही संचालित हो रही है।



 दूसरी ओर प्रदेश के कई शहरों के एयरपोर्ट फ्लाइट के लिए तरस रहे हैं। अभी आलम ये है कि प्रदेश के किसी भी शहर के बीच एयर कनेक्टिविटी नहीं है। उदयपुर और बीकानेर एयरपोर्ट पर भी हवाई सेवा लगभग बंद है। बीकानेर का नाल हवाई अड्डा इन दिनों सुनसान नजर आ रहा है। कोरोना से पहले यहां से दिल्ली और जयपुर के लिए रोजाना जो फ्लाइट संचालित होती थी और इन दिनों एक भी फ्लाइट संचालित नहीं हो रही। उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर कोरोना से पहले जयपुर के बाद सबसे ज्यादा फ्लाइट थी लेकिन इन दिनों रोज एक फ्लाइट संचालित हो रही है।



 जोधपुर एयरपोर्ट से भी पहले चेन्नई ,बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली के लिए नियमित रूप से फ्लाइट चल रही थी लेकिन कम यात्री भार की वजह से एयरलाइंस ने इन फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है। बात करे राजधानी जयपुर की तो यहां से दिल्ली, मुंबई,बैंगलुरू और लखनऊ समेत देश के प्रमुख 17 शहरों के लिए लगभग 43 फ्लाइट संचालित हो रही थी लेकिन अब मात्र छह से आठ ही हवाई जहाज एयरपोर्ट से उड़ रहे हैं।