ब्यूरो रिपोर्ट!
प्रदेश में तीसरे लॉकडाउन के दौरान सरकार की ओर से बरती गई सख्ती ने कोरोना वायरस की चैन तोडने में कामयाबी हासिल कर ली है। राजस्थान का धौलपुर ऐसा जिला रहा जहां लगातार दूसरे दिन भी कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला वही मंगलवार को इस कड़ी में सिरोही जिला भी शामिल हो गया जहां एक भी पॉजिटिव केस नहीं पाया गया। हालांकि एक मरीज की मौत जरूर हुई। लेकिन धौलपुर में ना तो कोई संक्रमित पाया गया और ना ही किसी मरीज की मंगलवार के दिन मौत दर्ज की गई। प्रदेश के कुल 10 जिले ऐसे रहे जहां 10 या 10 से कम केस दर्ज किए गए। इनमें बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, धौलपुर, जालौर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर और सिरोही जिले शामिल हैं। सर्वाधिक संक्रमित केस हमेशा की तरह राजधानी जयपुर में 233 दर्ज किए गए। मंगलवार को यह संख्या 200 थी। संक्रमित केसों की बात करें तो पिछले 1 सप्ताह के दौरान इनमें तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। लेकिन जहां तक मौतों का सवाल है, यह आंकड़ा अभी भी 50 से ऊपर चल रहा है। मंगलवार को भी प्रदेश में कोरोना के 65 मरीजों की मौत दर्ज की गई, जिसमें सर्वाधिक जयपुर में 12 और उदयपुर में 11 मरीजों की मौत दर्ज की गई । अब सरकार ने लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर दिया है। मंगलवार से कुछ समय के लिए कई जिले अनलॉक हो रहे हैं। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि पूरी तरह से सतर्कता और सावधानी बरती जाए। नहीं तो जिस तेजी से संक्रमित केसों का ग्राफ गिरा है, उससे भी दोगुनी रफ्तार से बढ़ने की संभावना है। इसलिए राजकाज न्यूज़ की आप सभी से अपील है कि कोरोना अभी गया नहीं है। इसे हल्के में नहीं लेना और पहले से भी ज्यादा सावधानी बरतना है।


0 टिप्पणियाँ