ब्यूरो रिपोर्ट, कोरोना महामारी के दौरान वर्तमान स्थिति में यदि प्रदेश का हर नागरिक ये ठान ले कि मुझे हर हाल में कोरोना गाइडलाइन की सख्ती से पालना करनी है तो ये निश्चित है कि महामारी तीसरी बार लौट कर नहीं आएगी। अब इसे एक विडम्बना ही कहा जा सकता है कि पिछले सवा साल के दौरान हम लोग इस महामारी के चलते शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से लगभग छिन्न-भिन्न हो चुके हैं और इसके बावजूद हम इसकी ओर से लगातार लापरवाह बने हुए हैं।
शायद ही हमारी तीन पीढ़ियों ने ऐसी महामारी का प्रकोप देखा है। जबकि हम लोग सब कुछ साधन संपन्न होते हुए भी एक तरह से अपने जीवन को बचाने के लिए निरंतर संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं। सही में जीवन बचाने के लिए प्राण वायु का ऐसा संकट हमने पहले कभी नहीं देखा।
खैर! अब सुखद बात यह है कि राज्य सरकार की ओर से लगातार तीन बार की गई सख्ती के चलते लॉकडाउन के बाद कोरोना की चैन एक तरह से टूट रही है। पिछले कई दिनों से कोरोना संक्रमण के मामले में राहत दिखाई दे रही है। बुधवार को प्रदेश में कोरोना के 520 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए जो मंगलवार कि अपेक्षा 9 कम है।
जयपुर में सर्वाधिक 115 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। जो कि मंगलवार को 141 से 26 कम है। दूसरे नंबर पर अलवर रहा जहां 46 संक्रमित केस दर्ज किए गए और हनुमानगढ तीसरे नंबर पर रहा जहां 45 संक्रमित केस दर्ज किए गए। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 30 मौत दर्ज की गई। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और श्रीगंगानगर में कोरोना के तीन-तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया।
वही प्रदेश मे कुल एक्टिव केस अब 11835 रह गए हैं। मंगलवार को इनकी संख्या 13624 दर्ज की गई थी। एक्टिव केस में पिछले दिन के मुकाबले 2282 केस कम हुए हैं। प्रदेश में एक्टिव केसों के मामले में जयपुर जिला अभी तक सर्वाधिक बना हुआ है। अब जयपुर में 2505 एक्टिव केस रह गए हैं जो कि पिछले दिन के मुकाबले 284 केस कम हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान जयपुर में 7740 टेस्ट किए गए जिनमें 115 पॉजिटिव केस पाए गए। इसमें पॉजिटिव मामलों का प्रतिशत 2 से भी कम1.49% रहा।




0 टिप्पणियाँ