धौलपुर से मुनेश धाकरे की रिपोर्ट
धौलपुर जिले के निहालगंज थाना इलाके के महाराणा स्कूल के पास स्कूटी से घर लौट रहे 55 वर्षीय अधेड़ को आपसी रंजिश को लेकर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी। पेट में गोली आर पार होने पर अधेड़ सड़क पर गिर गया। हमलावर फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंचे एक कार सवार ने अधेड़ को खून से लथपथ अवस्था में जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। लेकिन नाजुक हालत होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर जयपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही अधेड़ ने दम तोड़ दिया। मामले की खबर सुनकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश की। लेकिन हमलावरों का सुराग नहीं लग सका। मामला दो रिश्तेदारों में दहेज के मुकदमे का बताया जा रहा है। जिसे लेकर अधेड़ की गोली मारकर हत्या की है।
जानकारी के मुताबिक सांडा गांव निवासी 55 वर्षीय हाकिम सिंह पुत्र नारायण सिंह त्यागी धौलपुर कोर्ट में किसी वकील के पास सलाह मशवरा करने गया था। लेकिन घर वापस लौटते समय महाराणा स्कूल के पास बाइक सवार तीन हमलावरों ने आगे से गोली मार दी। गोली अधेड़ के पेट में आर पार हो गई। उधर हमलावर फायरिंग करते हुए दहशत फैला कर मौके से फरार हो गए। मृतक के पुत्र ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सूत्रों से मिली जानकारी में मृतक हाकिम सिंह त्यागी एवं दिनेश त्यागी आपस में रिश्तेदार हैं। दिनेश त्यागी ने अपनी पुत्री की शादी हाकिम त्यागी के भाई के बेटे के साथ संपन्न की थी। लेकिन शादी के बाद दोनों परिवारों में कलह शुरू हो गई। दिनेश त्यागी ने मृतक हाकिम पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज कराया था। उसी प्रकरण में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दोनों पक्षों की सुनवाई होनी थी। लेकिन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुनवाई से पूर्व हाकिम सिंह त्यागी धौलपुर अदालत में किसी वकील के पास सलाह मशवरा करने गया था। अदालत से लौटते समय महाराणा स्कूल के पास तीन बाइक सवार युवकों ने हाकिम सिंह त्यागी के पेट में गोली मार दी। उधर मामले में मृतक के पुत्र ने नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मृतक के शव का परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराकर सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम गठित कर रवाना कर दी है। पुलिस ने बताया आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।


0 टिप्पणियाँ