ब्यूरो रिपोर्ट,प्रदेश में कोरोना वायरस के बाद अब ब्लैक फंगस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देखा जाए तो पिछले एक सप्ताह के दौरान हर दिन 200 नए मरीज सामने आ रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक इनकी संख्या ढाई हजार के पार हो चुकी है। 


हालांकि सरकार ने इसे महामारी घोषित किए जाने के बावजूद अपने स्तर पर आंकड़े जारी अभी तक नहीं किए हैं, लेकिन मीडिया खबरों के अनुसार ब्लैक फंगस का रोग तेजी से फैल रहा है। जहां इसके मरीज बढ़ रहे हैं वहीं दवाओं का टोटा भी सामने आ रहा है। पिछले दिन ही राज्य सरकार ने विशेष प्रयास के जरिए लगभग 5000 डोज इंजेक्शन की हासिल की है

 लेकिन जरूरत इससे कई गुना ज्यादा है। सरकार ने ब्लैक फंगस के इलाज के काम आने वाले एम्फोटेरिसिन इंजेक्शन के 60000 डोज के ऑर्डर दिए थे। इनमें से केंद्र ने पिछले दिनों राजस्थान के कोटे में लगभग 3600 इंजेक्शन आवंटित किए थे, लेकिन चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने केंद्र को चिट्ठी लिखकर प्रदेश में आपात स्थिति बताई थी।



 इसके तहत अब 1 सप्ताह के दौरान लगभग 14000 इंजेक्शन प्रदेश को मिलने की संभावना है। इसी के साथ ही आरएमएससीएल ने पोसाकोनाजोल टेबलेट के आर्डर भी दिए हैं। इसके तहत 5000 टेबलेट तो एसएमएस और संभागीय मेडिकल कॉलेजों में दे दी गई है। वहीं शनिवार को 10000 टेबलेट और 10000 इंजेक्शन खरीद के भी आदेश दिए हैं। इसकी आपूर्ति भी 1 सप्ताह में होने की संभावना है। आपको बता दें कि राजस्थान को शनिवार तक कुल 29350 पोसाकोनाजोल टैबलेट आवंटित हुई है। इनमें से अब तक 12802 ही टेबलेट मिल पाई है।