ब्यूरो रिपोर्ट.मॉडिफाइड लॉकडाउन के तहत मिली छूट के दौरान पहले दिन ही लोगों के सब्र का बांध टूट पड़ा। सुबह 6:00 बजे से 12:00 बजे तक मिली छूट के दौरान लोग बाजारों में उमड पड़े।


कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती साफ तौर पर नजर आई। ना कहीं सोशल डिस्टेंस दिखी और कई लोग बिना मास्क लगाए भी नजर आए। राजधानी जयपुर के चांदपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, त्रिपोलिया बाजार और बड़ी चौपड़ सभी जगह दोपहर 12:00 बजे तक भीड़ का आलम रहा।


 भीड़ के चलते परकोटे में कई जगह जाम की स्थिति भी बन गई। हालांकि कपड़े, ज्वेलरी और व्यावसायिक कांपलेक्स में ग्राहक नजर नहीं आए लेकिन इलेक्ट्रॉनिक आइटम, किराना और ऑटो पार्ट्स की दुकानों पर भीड़ का आलम साफ नजर आया। हालांकि पुलिस ने 11:00 बजे तक सख्ती नहीं दिखाई लेकिन इसके बाद पुलिस दुकानें बंद कराने में जुट गई। चांदपोल बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा, रास्ता और रामगंज बाजार में पुलिस ने समय होते ही दुकानें बंद करवाना शुरू कर दिया। आपको बता दें कि मई महीने के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के भयानक संक्रमण को देखते हुए भी लोग इसके प्रति उदासीन नजर आ रहे हैं जो कि एक तरह से इस महामारी को दोबारा फैलने का निमंत्रण दिखाई दे रहा है।