प्रदेश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के विदा होते-होते सरकारी आंकड़े अजीब संख्या सामने ला रहे हैं। 18 जून को प्रदेश में कुल पॉजिटिव केस 150  आए। 19 जून को यह संख्या बढ़कर 193 पर पहुंच गई। 20 जून को पॉजिटिव केस की संख्या 144 रही, वही 21 जून को यह संख्या बढ़कर 151 पर पहुंच गई। 22 जून को प्रदेश में कुल 137 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। यानी कि यह साफ है कि कोरोना के आंकड़े एक दिन पायदान चढ़ते हैं तो दूसरे दिन उतर जाते हैं।


मंगलवार को सामने आए कुल पॉजिटिव 137 केस में प्रदेश का अलवर जिला एक बार फिर सर्वाधिक पॉजिटिव केस 47 के साथ अव्वल रहा। जयपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 26 के मुकाबले 29 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। सीकर में पिछले 24 घंटे मे 9 के मुकाबले 14 केस दर्ज किए गए वही उदयपुर में 6 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए जो पिछले दिन के मुकाबले एक ज्यादा है।

 प्रदेश के 29 जिलों में 0 से 5 संख्या तक पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से 10 जिलो में कोई भी पॉजिटिव केस पिछले 24 घंटे के दौरान सामने नहीं आया। कुल एक्टिव केस भी कम हो रहे हैं। प्रदेश में कुल एक्टिव केस 2388 रह गए हैं। इनमें सर्वाधिक जयपुर में 472, अलवर में 385, जोधपुर में 151, बीकानेर में 141 और हनुमानगढ़ में 130 पॉजिटिव केस बचे हैं। 



प्रदेश में कोरोना से मौतें भी पिछले 24 घंटे के दौरान 50% कम रही। सोमवार को जहां कोरोना से 6 मरीजों ने दम तोड़ा वहीं मंगलवार को प्रदेश में कुल 3 मरीजों की मौत कोरोना से हुई। इनमें जयपुर, जोधपुर और दौसा में एक-एक मरीज की मौत कोरोना से हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट।