ब्यूरो रिपोर्ट, सरकार ने सोमवार देर रात लगभग 11:15 बजे 15 आईपीएस के तबादले कर दिए। इनमें आठ शहरों के एसपी बदल दिए गए हैं। इन दिनों शराब तस्करी के मामले में सुर्खियों में रहे सिरोही एसपी हिम्मत अभिलाष को पुलिस ट्रेंनिंग सेंटर, किशनगढ़, अजमेर में प्राचार्य के पद पर लगाया गया है।
नागौर एसपी श्वेता धनकड़ को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी ट्रैफिक पर लगाया गया है। श्वेता धनकड़ पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने 3 दिन पहले ही सट्टा माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाया था और इसको लेकर भी डीजीपी से भी मिले थे। अब नागौर एसपी अभिषेक सिंह को लगाया गया है। चित्तौड़गढ़ में भी सीआईडी क्राइम ब्रांच ने लॉकडाउन के दौरान मादक पदार्थों की तीन चार बार बड़ी खेप पकड़ी थी। इसको लेकर जिला पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे थे।
इसके चलते चित्तौड़गढ़ एसपी को भी हटा दिया गया है। जयपुर में वैशाली नगर में सुरंग खोदकर चोरी की गई चांदी की सिल्लियों को बरामद करने वाले एसओजी में एसपी लगे राजेश सिंह को सवाई माधोपुर में एसपी लगाया गया है। एसीबी उदयपुर में तैनात एसपी राजेंद्र प्रसाद गोयल को चितौड़गढ़ एसपी लगाया गया है। प्रहलाद सिंह कृष्णिया को डीसीपी ईस्ट जयपुर कमिश्नरेट भेजा गया है।
आदर्श सिंधु को डीसीपी जयपुर ट्रैफिक से हटाकर एसपी प्रतापगढ़ बनाया गया है। धर्मेंद्र सिंह को जोधपुर कमिश्नरेट में डीसीपी पूर्व से सिरोही एसपी के पद पर लगाया गया है। उधर राज्य सरकार ने आईपीएस पंकज कुमार चौधरी को भी पोस्टिंग देकर स्टेट डिजास्टर रेस्पांस फोर्स में कमांडेड पद पर लगाया है।
आपको बता दें कि पंकज कुमार को पिछली भाजपा सरकार के समय केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सेवा से बर्खास्त कर दिया था। उसके बाद उन्होंने कैट में इस फैसले को चुनौती दी थी और कैट ने उनको बहाली के आदेश जारी किए थे।





0 टिप्पणियाँ