प्रदेश में टीकाकरण अभियान की रफ्तार को तेज करने में जुटे चिकित्सा विभाग ने शुक्रवार को 10 लाख वैक्सीन लगाने का लक्ष्य लेकर अभियान चलाया था। यह अभियान काफी हद तक सफल रहा। हालांकि 10 लाख के लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके लेकिन फिर भी 1 दिन में 9 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीनेट किया गया जो कि अब तक 1 दिन में सर्वाधिक टीके लगाने का रिकॉर्ड है।
विभाग के अनुसार 24 घंटे के दौरान 9,20,694 टीके लगाए गए। अब राजस्थान के 19 जिलों में 18 + की 40% आबादी को कम से कम एक डोज लग चुकी है। प्रदेश की कुल आबादी की बात करें तो 7 करोड़ 70 लाख आबादी में से वैक्सीनेशन योग्य 18+ की आबादी करीब 4 करोड़ 70 लाख है। इनमें अब तक कुल 2 करोड 36 लाख 21 हजार 142 टीके लगाए गए हैं। इसमें से एक करोड़ 99 लाख लोगों को पहली डोज लगाई गई है।
इस तरह वैक्सीनेशन योग्य 49% आबादी को कम से कम एक डोज लग चुकी है। अगर हम दूसरी डोज की बात करें तो अब तक 37 लाख 38 हजार लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी हैं यानी वैक्सीनेशन योग्य कुल 9.18% आबादी को दोनों डोज लग चुकी है।
ब्यूरो रिपोर्ट।



0 टिप्पणियाँ