कोरोना की जकड़ में आने के बाद शरीर में आई कमजोरी को दूर करने की दिशा में मरीज को नारियल पानी, नींबू और मौसमी जैसे विटामिन सी से भरपूर फलों की ज्यादा जरूरत होती है। डॉक्टर भी बीमारी के दौरान इनको लगातार लेने की सलाह देते हैं। लेकिन पिछले 15 दिन की बात अगर देखी जाए तो बाजार में इनकी डिमांड बढ़ते ही कीमत भी आसमान को छू रही है। आम दिनों में ₹20 में मिलने वाला नारियल 80 से ₹100 में भी बिक रहा है। वहीं नींबू डेढ़ सौ से 200 प्रति किलो मिल रहा है। 

मौसमी भी 70 से ₹100 रूपये किलो तक बिक रही है। यानी अलग-अलग क्षेत्रों में रिहाइश के हिसाब से मुंह मांगे दाम वसूले जा रहे हैं। पहले यह बताया जा रहा था कि आवक के मुकाबले डिमांड ज्यादा होने से भाव बढ़े हैं, लेकिन फल मंडी के अधिकारियों की माने तो पिछले दो-तीन दिन से आवक बढ़ गई है। जहां पहले नारियल पानी के 20 से 25 तक ट्रक आ रहे थे वहीं अब 30 से 32 तक आ रहे हैं। मौसमी के सात ट्रक आ रहे है। जबकि पहले पांच तक ही आ रहे थे। गुजरात का नींबू भी आना शुरू हो गया है। अभी मंडी में 150 टन तक इसकी आवक हो रही है जबकि पहले 80 से 100 टन के बीच ही आवक हो रही थी। आवक बढ़ने के बावजूद भी इनकी खुदरा कीमतों में कोई कमी नहीं आई है। यानी कि फल विक्रेता मुंह मांगे दाम वसूल रहे हैं और मरीज के परिजनों को आवश्यकता के चलते लगभग दोगुने दाम भी चुकाने पड़ रहे हैं।



ब्यूरो रिपोर्ट!