ब्यूरो रिपोर्ट!
प्रदेश में मंगलवार का दिन बादलों की बौछारों के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए कोरोना के आंकड़ों में भी राहत की बौछार लेकर आया। सोमवार के दिन 11597 संक्रमित मिले मरीजों का आंकड़ा 18 मई मंगलवार को 3000 से भी ज्यादा घटकर 8398 रिकॉर्ड किया गया। इस दिन राजधानी जयपुर ही एक अकेला ऐसा जिला रहा जहां हजार से भी ज्यादा 2676 नए संक्रमित केस मिले। जोधपुर में 620, उदयपुर में 550 और अलवर में जहां सोमवार को 900 से भी ज्यादा संक्रमित मिले थे, वहां मंगलवार को सिर्फ 401 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। नए एक्टिव मरीजों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों का ग्राफ देखा जाए तो मंगलवार के दिन लगभग 3 गुने मरीज इस बीमारी से ठीक हुए हैं। जहां नए संक्रमित आंकड़ों के मुताबिक 8398 केस पाए गए, वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 25160 रही। प्रदेश में अब कुल एक्टिव केस 159455 रह गए हैं। इसमें राजधानी जयपुर में सबसे ज्यादा 34098, जोधपुर में 13563 और उदयपुर में 9952 एक्टिव के बचे हैं। देखा जाए तो कोरोना के मामले में राजधानी जयपुर में विस्फोटक स्थिति बरकरार है। मंगलवार को सामने आए आंकड़ों में मौतों की संख्या भी पिछले 2 दिन के मुकाबले कम दर्ज की गई। प्रदेश में कोरोना के कुल 146 मरीजों ने दम तोड़ा इनमें सर्वाधिक जयपुर में 36, जोधपुर में 12, बीकानेर और उदयपुर में 11--11, कोटा में 8, सीकर में 7 और पाली में 6 मरीजों ने इस बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। वही अजमेर, अलवर, गंगानगर, झालावाड़ और राजसमंद जिले में पांच पांच मरीजों ने इस बीमारी के चलते अपनी सांसे छोड़ दी। आपको बता दें कि गंगानगर और राजसमंद जिले ऐसे रहे जहां कोरोना के चलते पहली बार 5 मरीजों की मौत हुई है।
पहले रैपिड एंटीजन टेस्ट को फिर से मान्यता देना फिर केसों में कमी आना। ये फिल्म देखी हुई सी लगती है। बहरहाल अभी कुछ देर पहले तक चली CM गहलोत की रिव्यू बैठक में मुख्यमंत्री ने मौत का आंकड़ों पर चिंता जता कर स्वास्थ्य विभाग की सारी कसरत पर पानी फेर दिया। अब लगभग तय माना जा रहा है कि CM लॉक डाउन 24 मई से आगे बढ़ाएंगे और वे किसी प्रकार की ढिलाई के पक्ष में नहीं हैं।


0 टिप्पणियाँ