सरकारी कर्मचारियों के सभी संवर्गों के मई माह के वेतन से वेतन कटौती हो सकती है। सूत्रों के अनुसार सहायक कर्मचारियों का 1 दिन,मंत्रालयिक कर्मचारियों के 2 दिन,अधीनस्थ सेवा कर्मचारियों के 3 दिन की और गजेटेड अधिकारियों की 5 दिन की वेतन कटौती संभव है। यह कटौती सरकारी कर्मचारियों के पोर्टल पे मैनेजर पर सीएम कोरोना रिलीफ फंड डिडक्शन के तहत हो सकती है। माना जा रहा कि वेतन कटौती होती है तो इसके लिए पे मैनेजर में बल्क डिडक्शन के ऑप्शन पर फॉर्मूला चुनना होगा। उधर यह माना जा रहा है कि वेतन कटौती बिना पे मैनेजर पर बिल नहीं बनेगा और ऐसे में वेतन कटौती तय मानी जा रही है। उधर वित्त विभाग के उच्च पदस्थ अधिकारियों की ओर से यह बताया जा रहा है कि अभी वेतन कटौती या कटौती नहीं करने के बारे में कोई भी आदेश नहीं आया है। ऐसे में बिना आदेश के पे मैनेजर पर आ रहे इस तरह के ऑप्शन से वेतन कटौती की आशंकाएं जोर पकड़ने लगी हैं और इसके बाद कर्मचारी नेताओं की भी पसोपेश की स्थिति हो गई है।