मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में नामांकित सभी निजी अस्पतालों में अब कोरोना इलाज के लिए नकद राशि नहीं देनी पड़ेगी। यदि कोई अस्पताल मरीज के परिजनों से भुगतान देने की जिद करता है तो सरकार की ओर से जारी किए गए टोल फ्री नंबर 18001806127 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
आपको बता दें कि कोविड-उपचार के लिए भर्ती हो रहे मरीजों के परिजनों से अस्पतालों में मोबाइल पर आ रही कोविड- रिपोर्ट को नहीं मानकर हार्ड कॉपी ही मांगी जा रही है। इस बारे में भी विभाग को शिकायतें मिली है कि अस्पताल मोबाइल पर आई रिपोर्ट को नहीं मान रहे। उधर एडीएम चतुर्थ अशोक कुमार के अनुसार निजी अस्पतालों के चिरंजीवी योजना में इलाज के रुपए वसूलने के 30 मामलों का निस्तारण कर राशि मरीजों के परिजनों को वापस दिलवाई गई है। सरकार के पास इस बाबत अब तक 215 शिकायतें आ चुकी है।
डिस्चार्ज हो चुके मरीजों की शिकायतों के बारे में भी अस्पतालों से दस्तावेजों सहित जानकारी ली जा रही है। दूसरी ओर शहर के कई निजी अस्पतालों ने इस योजना से हटने के लिए सरकार को लिखा है। उनका कहना यह है कि इससे पहले चल रही भामाशाह योजना का भुगतान ही उन्हें अब तक नहीं मिला है तो चिरंजीवी योजना का पैसा कब मिलेगा इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता।
ब्यूरो रिपोर्ट!



0 टिप्पणियाँ