राज्य सरकार ने प्रदेश में औद्योगिक उपयोग के लिए ऑक्सीजन के उत्पादन को छूट दे दी है। अब उद्योग अपने प्रोडक्ट के लिए ऑक्सीजन का उपयोग कर सकेंगे। इससे पहले प्रदेश में तेज रफ्तार से बढ़े कोरोना संक्रमण के चलते मरीजों की आवश्यकता को देखते हुए सरकार ने औद्योगिक उत्पादन में कटौती करते हुए सिर्फ मेडिकल ऑक्सीजन उत्पादन के निर्देश दिए थे। जिन्हें शुक्रवार को वापस ले लिया गया।


 आपको बता दें कि औद्योगिक संस्था सीआईआई ने कोरोना संक्रमण में आ रही गिरावट के चलते सरकार को भेजी सिफारिशों और फिर सरकार के उच्चाधिकारियों के साथ हुई मुलाकात के दौरान उद्योगों को यह छूट देने की मांग की थी। औषधि नियंत्रक संगठन की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी होने और मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग में पिछले सप्ताह से तुलनात्मक कमी होने के कारण पहले जारी किए गए आदेश वापस लिए जा रहे हैं।



 सरकार की ओर से यह पाबंदी हटाने के बाद अब ऑक्सीजन की ज्यादा आवश्यकता वाले स्टील और ऑटोमेटिव जैसे उद्योग वापस से गति पकड़ सकेंगे। सरकार की ओर से कटौती हटाने के बाद उद्योगों को यह भी कहा गया है कि यदि बाद में स्थिति बिगड़ती है तो वे पहले की तरह  मेडिकल ऑक्सीजन का उत्पादन करेंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट!