श्रीगंगानगर। नर सेवा नारायण सेवा को समर्पित शहर का प्रतिष्ठित चांडक परिवार कोरोना महामारी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के लिए ऑक्सीजन प्लांट लगाएगा। तीन करोड़ से अधिक की लागत से लगने वाले इस प्लांट की स्वीकृति को लेकर मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजा गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी अशोक चांडक की ओर से लिखे गए इस पत्र को लेकर नगर परिषद के पूर्व सभापति अजय चांडक, उनके अनुज संदीप चांडक एवं पुत्र राघव चांडक और होलसेल ऑटो मोबाइल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रदीप अरोड़ा  आज जिला कलेक्टर जाकिर हुसैन से मिले और उन्हें पत्र सौंपते  हुए राज्य सरकार तक भिजवाने का आग्रह किया। 

  इस पत्र में श्री चांडक द्वारा मुख्यमंत्री को बताया गया कि कोरोना महामारी से पीड़ित मानवता की सेवा के लिये  चांडक परिवार श्रीगंगानगर में 250 मैट्रिक टन का आक्सीजन प्लांट (जो कि हवा से ऑक्सीजन तैयार करता है) लगाना चाहता है। इस प्लांट में लगने वाली मशीनों की कीमत 3 करोड रुपए है और प्लांट लगाने के लिए उपयुक्त जमीन की कीमत इस लागत से अलग है। यह सारा खर्च चांडक परिवार द्वारा वहन किया जायेगा। इसके लिए उन्हें राज्य सरकार से मात्र अनुमति की आवश्यकता है। पत्र में अशोक चांडक  ने कहा कि हालांकि यह प्लांट पूरी तरह से पीड़ित मानवता को समर्पित होगा। लेकिन उनकी शर्त है कि जो भी उत्पादन होगा, उसका 50 प्रतिशत हिस्सा उनके द्वारा क्षेत्र के लोगो की बनायी गयी कमेटी के अनुमोदन से देना होंगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली अनुदान राशी का उपयोग गरीब रोगियों को निशुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर देने में किया जाएगा। बाजार व आमजन को भी आक्सीजन बिना किसी मुनाफे के उपलब्ध करवायी जायेगी। यानि जो भी लागत आयेगी, उसी दर पर आमजन को दी जायेगी।

पत्र में श्री चांडक ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस संबंध में गत दिवस जिला कलेक्टर से मुलाकात कर मौखिक आग्रह किया था। जिला कलेक्टर द्वारा कहा गया कि आप आवेदन कीजिये, हम राज्य सरकार से अनुमति लेने का प्रयास करेंगे। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार कोरोना पीड़ित मानवता के सेवार्थ ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मंशा को लेकर यह पत्र प्रस्तुत किया जा रहा है। आशा है कि एक जन हितेषी और संवेदनशील मुख्यमंत्री होने के नाते आप द्वारा सहृदयता के साथ चांडक परिवार को यह प्लांट लगाने की अनुमति प्रदान करेंगे।