श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर

कोरोना के इस विकट दौर में एक तरफ जहां चिकित्सक और अन्य कोरोना वारियर अपनी जान पर खेलकर आमजन को बचाने की मुहिम में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ ऐसे भी लोग हैं जो इस विकट परिस्थिति में भी कालाबाजारी के जरिए जीवन रक्षक दवाओं से अनाधिकृत पैसा कमाने की लालसा पाले हुए हैं । श्री गंगानगर में आज मुखबिर की सूचना पर कोरोना रोगियों के काम आने वाला रेमडेसीविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ये आरोपी रेमडेसीविर इंजेक्शन को ₹27000 में बेच रहे थे ।पुलिस ने इनके कब्जे से दो इंजेक्शन भी बरामद किए हैं।

 जिला विशेष टीम के प्रभारी कश्यप सिंह ने बताया कि  मुखबिर से सूचना मिली थी कि  कोरोना मरीजों के काम में आने वाले जीवन रक्षक रेमडेसीविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने में बीरबल चौक के पास राजेंद्र मेडिकल स्टोर के संचालकगण लिप्त हैं। यह भारी कीमत पर ब्लैक में यह इंजेक्शन उपलब्ध करवा रहे हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के निर्देश पर सूचना एकत्र की गई तथा आरोपी गणों के खिलाफ विशेष टीम तैयार करके बोगस ग्राहक के जरिए बीरबल चौक स्थित राजेंद्र मेडिकल स्टोर पर छापामारी की गई ,यहां पर स्टोर के संचालक तथा तीन अन्य को रेमडेसीविर इंजेक्शन ₹27000 में बेचने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया गया ।मौके पर आरोपियों के पास से दो इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में रेमडेसिवियर में स्टाकिस्ट आर के एंड कम्पनी के संचालक साहिल को भी गिरफ्तार किया गया है। 

 डीएसटी यानी जिला विशेष शाखा की पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा जिला चिकित्सालय में भी इनके लिंक होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस एंगल से भी जिला विशेष टीम के अधिकारीगण जांच कर रहे हैं ,तथा इससे पहले यह किन-किन को इंजेक्शन भेज चुके हैं इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।