सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए नई डेट शीट एक जून को जारी हो सकती है। इस बाबत अब तक हुए मंथन के बाद यह बात सामने आई है कि छात्रों से अपने ही स्कूल में ओएमआर शीट पर एक से डेढ़ घंटे की अवधि में चार पेपर लिए जा सकते हैं। दरअसल देश के 32 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों ने 12वीं बोर्ड की परीक्षा लेने पर सहमति जताई है। केवल 4 राज्य दिल्ली, महाराष्ट्र, गोवा और अंडमान निकोबार ने परीक्षा नहीं लेकर छात्रों को प्रमोट करने की बात कही है। परीक्षा के लिए सहमत हुए राज्यों में से तीन राज्य ऐसे हैं जिनमें राजस्थान भी शामिल है
उनका कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर ही पारंपरिक तरीके से 3 घंटे की लिखित परीक्षा होनी चाहिए। इन राज्यों ने कहा है कि अंत समय में इस परीक्षा का अचानक फॉर्मेट बदलना उचित नहीं होगा। वही 29 राज्यों ने ओएमआर शीट वाले विकल्प का समर्थन किया है। उनका कहना है कि परीक्षा केंद्र के बजाय छात्रों को अपने ही स्कूल में ओएमआर शीट वाले फॉर्मेट में डेढ़ घंटे की अवधि में चार पेपर ले लिए जाएं। इनमें एक लैंग्वेज और तीन इलेक्टिव पेपर शामिल है। उधर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा का पैटर्न सामने आने के बाद कई राज्य अपने-अपने बोर्ड के लिए भी पैटर्न निश्चित करेंगे। राजस्थान के शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने भी बोर्ड परीक्षाओं के लिए जून के पहले सप्ताह में निर्णय करने की बात कही है।
ब्यूरो रिपोर्ट!



0 टिप्पणियाँ