सीबीएसई के अब तक के इतिहास में बिना परीक्षा दिए दसवीं का परिणाम 20 जून को घोषित किया जाएगा। इस बारे में सीबीएसई ने शनिवार देर रात दसवीं के रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी किया। परिणाम तैयार करने के लिए हर स्कूल को 8 सदस्यीय कमेटी बनानी होगी। कमेटी 15 जून तक परीक्षा परिणाम तैयार कर बोर्ड को भेजेगी और बोर्ड 20 जून को रिजल्ट घोषित करेगा। 

इस बार छात्रों को पुनर्मूल्यांकन का मौका नहीं मिलेगा। इसमें सबसे खास बात यह है कि पिछले 3 साल में जिस साल के दौरान स्कूल का ओवरऑल रिजल्ट सबसे अच्छा रहा था, उसी साल को परिणाम के लिए आधार वर्ष बनाया जाएगा। लेकिन 2021 का रिजल्ट इस आधार वर्ष के परीक्षा परिणाम से ज्यादा अच्छा नहीं होगा। हर सब्जेक्ट के लिए 100 अंक निर्धारित हैं। इनमें से 20 अंक इंटरनल एसेसमेंट के हैं जो स्कूल पहले ही दे चुके हैं। बाकी बचे 80 अंकों के आधार पर स्कूल की रिजल्ट कमेटी को 5 सब्जेक्ट का मूल्यांकन करना है और यह मूल्यांकन तीन आधार पर होगा। पहला क्लास टेस्ट इसके आधार पर 10 अंक दिए जाएंगे। दूसरा छमाही परीक्षा यानी मिड टर्म परीक्षा के 30 अंक और तीसरा प्री बोर्ड परीक्षा, उसके 40 अंक। इस प्रकार इन तीनों पहलुओं के आधार पर कुल 80 अंक में से परिणाम निर्धारित किया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट!