एक शख्स ने शुक्रवार को जियो की अंडरग्राउंड फाइबर केबल काट दी। इससे पूरे जिले की जियो की मोबाइल सेवा ठप हो गई।हनुमानगढ जिले में मोबाइल फोन से अचानक नेटवर्क गायब होने से इस कंपनी की सेवा का लाभ उठा रहे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक नेटवर्क गायब होने की शिकायत कंपनी अधिकारियों के पास पहुंची तो वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि अंडरग्राउंड बिछाई गई फाइबर की मुख्य केबल कटी हुई थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो एक जना फाइबर केबल काटता नजर आया। पड़ताल करने पर उक्त अज्ञात शख्स कंपनी का ही एक पूर्व कर्मचारी निकला। कंपनी कर्मचारी बाधित हुई मोबाइल सेवा को सुचारू करने के प्रयासों में जुट गए। समाचार लिखे जाते समय तक प्रभावित हुई मोबाइल सेवा बहाल हालांकि बहाल हो गई थी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11.40 बजे अचानक जियो कंपनी के मोबाइल नम्बर वाले उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन से अचानक टावर गायब हो गया। न तो कॉल हुई और इंटरनेट सेवा भी ठप हो गई। इससे अचानक कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो गया। हनुमानगढ़ के अलावा संगरिया व टिब्बी क्षेत्र में जियो कंपनी की मोबाइल व इंटरनेट सेवा ठप हो गई। उपभोक्ताओं ने जियो कंपनी में फोन कर इसकी शिकायत की। एक-एक कर दर्जनों लोगों के फोन आए तो कंपनी अधिकारी जंक्शन में संगरिया रोड पर स्थित करणी पेट्रोल पम्प के पास पहुंचे। उन्होंने अंडरग्राउंड बिछाई गई फाइबर केबल के ऊपर का चैम्बर हटाकर देखा तो केबल कटी हुई थी। किसी शख्स की ओर से केबल काटे जाने की संभावना के चलते कंपनी अधिकारियों ने पास ही दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो एक जना चैम्बर हटाकर अंडरग्राउंड बिछाई गई फाइबर केबल काटता नजर आया।खबर लिखे जाने तक मुकदमे की कार्रवाई चल रही थी।


0 टिप्पणियाँ