सवाईमाधोपुर से हेमेंद्र शर्मा की खबर,

सवाई माधोपुर जिला प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीणा गुरूवार को सवाई माधोपुर के दौरे पर रहे । इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनी । जनसुनवाई के दौरान संभागीय आयुक्त पीसी बेरवाल , जिला कलेक्टर राजेंद्र किशन ,पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ,खंडार विधायक अशोक बैरवा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। जन सुनवाई के दौरान लगभग 4 दर्जन परिवादियो की समस्याएं मंत्री परसादी लाल मीणा द्वारा सुनी गई तथा मौके पर मौजूद विभिन्न विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए। जनसुनवाई के दौरान सभागार में मौजूद खंडार विधायक अशोक बैरवा ने मंत्री परसादी लाल मीणा के समक्ष ही वन विभाग के अधिकारियों के ऊपर गंभीर आरोप लगाए। विधायक अशोक बैरवा का कहना था कि वन विभाग के अधिकारी भरपूर मनमानी पूर्ण कार्य कर रहे हैं । वन विभाग का समूचा सिस्टम भ्रष्टाचार की तह में डूबा हुआ है। विभाग के अधिकारियों ने खुलेआम कमीशन का खेल चला रखा है । अधिकारी कमीशन लेकर अनीति पूर्ण कार्य कर रहे हैं। विधायक अशोक बैरवा ने एन एच ए आई निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार में संलिप्त होते हुए वन विभाग की भूमि से सैकड़ों ट्रक मिट्टी खुदवाकर भिजवाने का भी आरोप लगाया। इस पर मंत्री परसादी लाल मीणा ने मौके पर ही एक कमेटी का गठन कर उच्च स्तरीय जांच करवाने की बात कही। इसके अलावा जनसुनवाई में सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर भी भ्रष्टाचार के कई आरोप जन सुनवाई के दौरान परिवादियो ने लगाए।