जीने के लिए जरूरी प्राणवायु यानी ऑक्सीजन को लेकर प्रदेश में हाहाकार की स्थिति सामने आ रही है। मंगलवार को ऑक्सीजन की कमी के चलते प्रदेश में 10 मरीजों ने दम तोड़ दिया। राजधानी जयपुर में पहली बार ऑक्सीजन की कमी से 4 मरीजों की मौत हो गई।

 वहीं कोटा और बीकानेर में भी 3--3 मरीजों की सांसे टूट गई। जयपुर के कालवाड़ थाना क्षेत्र में हाथोज के पास स्थित एक निजी अस्पताल में रात करीब 9:00 बजे अचानक ऑक्सीजन खत्म होने से 4 मरीजों की मौत हो गई। यही नहीं! इसके बाद मरीजों के परिजनों के डर से घबराया स्टाफ बाकी मरीजों को भी तड़पता हुआ छोड़कर अस्पताल से भाग खड़ा हुआ। पहले दो ही मरीजों के दम तोड़ने की सूचना मिली थी लेकिन जब पुलिस अंदर पहुंची तब तक 4 मरीजों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में शामिल 60 वर्षीय भेरूलाल 7 बेटियों के पिता थे। वही 33 साल के महेंद्र सिंह कि 1 साल पहले ही शादी हुई थी और उन्होंने दो दिन पहले ही अपनी पत्नी को यह कहकर पीहर भेज दिया था कि उनकी तबीयत ठीक है और आप पीहर जाओ। 

इधर मरीजों की मौत की सूचना मिलते ही रात 2:00 बजे तक परिजन अस्पताल के बाहर हंगामा करते रहे। और वहां पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात करना पड़ा। उधर इस बारे में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि ये मौतें ऑक्सीजन की कमी से नहीं बल्कि मरीजों की गंभीर हालत होने के चलते हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट!