कोटा से हँसपाल यादव की खबर।।

कोटा। विद्युत चोरी निरोधक थाना कोटा शहर की ओर से विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अब शिंकजा कसा जा रहा है। केईडीएल के विजिलेंस हैड नरेशसिंह गुर्जर की अगुवाई में सतर्कता टीमों की ओर से शहर में बिजली चोरों के खिलाफ वीसीआर की कार्रवाई नियमित जारी है। ऐसे लोगों के खिलाफ विद्युत थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। विद्युत चोरी निरोधक थानाधिकारी नेत्रपालसिंह ने बताया कि केईडीएल के सतर्कता जांच अधिकारी की ओर से 10 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई अलग-अलग रिपोर्ट में इन लोगों पर कुल 9 लाख 27 हजार 617 रुपए की वीसीआर राशि बकाया है। एफआईआर के बाद संबंधित लोगों को समझाइश कर वीसीआर राशि जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे, थाने में उपस्थित नहीं होने के बाद अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी राशि जमा नहीं कराई तो गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।