ब्यूरो रिपोर्ट  

           जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र ने एक अनूठी पहल की है। राज्यपाल ने शनिवार को राजभवन में सड़क पर घूमने वाले एक आवारा कुत्ते को गोद लिया है।  पशुप्रेमी और सड़क पर आवारा घूमने वाले क़ुत्तों के संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था 'प्रोटेक्शन ऑफ एनिमल एंड वेलफेयर सोसाइटी' के वीरेन शर्मा ने यह कुत्ता गोद दिलाया है। राज्यपाल ने गोद लिए ‘स्ट्रे डॉग’ का अपनी ओर से ‘चिंतामणी’ नाम भी दिया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कुछ समय पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से अपील की थी कि ‘स्ट्रे डॉग’ के संरक्षण के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। इधर, राज्यपाल ने आम जन से भी अपील की है कि वे सड़क पर पैदा होने वाले कुत्तों की स्थानीय प्रजातियों से हमदर्दी रखें और उनकी देखभाल के लिए आगे आएं। उन्होंने भारतीय प्रजाति के स्थानीय कुत्तों को बचाने के लिए अभियान चलाने पर भी जोर दिया।