श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर
श्रीगंगानगर में कोविड-19 महामारी के दौरान ग्राम पंचायत स्तरीय कोर ग्रुप को सक्रिय कर डोर टू डोर सर्वें करने एवं मेडिकल किट वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कलक्टर जाकिर हुसैन ने दिये है। जिला कलक्टर ने बताया कि पंचायत स्तर पर गठित कोर गु्रप को सक्रिय करते हुए कोर गु्रप के क्षेत्राधिकार के समस्त गांवों के लिये पृथक-पृथक सर्वें दलों को लगाकर डोर टू डोर सर्वें करवाये, जिसमें सर्दी, खांसी, जुकाम जैसे लक्षण युक्त व्यक्तियों को मेडिकल किट का वितरण मौके पर एएनएम या अन्य कार्मिकों द्वारा एसओपी की पालना करते हुए किया जाये।
आदेशों के अनुसार कोविड पाॅजिटिव रिपोर्ट होना आवश्यक नहीं है, यह चिकित्सा लक्षण आधारित है। यह कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाकर रिपोर्ट प्रेषित करनी होगी। सर्वेक्षण से संबंधित समस्त सूचनाएं एवं माॅनिटरिंग एसीईओ जिला परिषद के निर्देशन में जिला परिषद में स्थापित कंट्रोल रूम द्वारा की जायेगी। उन्होंने निर्देशित किया है कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी चिकित्सा संबंधी निर्देशों को पम्फलेट के रूप में अपने स्तर पर प्रकाशित व प्रसारित किये जाये ।
वहीं कोविड-19 वायरस संक्रमण की द्वितीय लहर को दृष्टिगत रखते हुए गत सप्ताह में कोरोना के एक्टिव केसेज की संख्या में अप्रत्याशित रूप से हुई वृद्धि को देखते हुए आगामी सप्ताह में कोरोना के एक्टिव केसेज की संख्या में और तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। इस कारण मेडिकल आक्सीजन की मांग तेजी से बढ़ेगी, आगामी सप्ताह में आक्सीजन की ज्यादा जरूरत रहेगी।
जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने इसी बात को ध्यान में रखते हुए श्रीगंगानगर जिले में राजकीय, निजी चिकित्सालयों, मेडिकल आक्सीजन उत्पादन स्थल, वितरण स्थल में आक्सीजन के दुरूपयोग को रोकने के लिये जिला स्तर पर उड़नदस्ते का एवं त्रिस्तरीय दल का गठन किया है।


0 टिप्पणियाँ