सुरक्षा की दृष्टि से अति संवेदनशील माने जाने वाले मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री निवास में भी कोरोना प्रवेश कर गया है। यहां काम कर रहे 6 अधिकारी और कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रमुख सचिव कुलदीप रांका, मुख्यमंत्री जन संपर्क प्रकोष्ठ के दो सहायक निदेशक, मुख्यमंत्री निवास में कार्यरत दो बाबू और एक फोटोग्राफर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री को रोना काल के दौरान पिछले वर्ष अप्रैल से ही सभी तरह की बैठकें मुख्यमंत्री निवास से ही कर रहे हैं।
पिछले साल भी सीएमओ और सीएमआर में 40 से अधिक कार्मिक पॉजिटिव हो गए थे। सूत्रों के अनुसार यह सभी पॉजिटिव मामले 2 दिन के भीतर ही आए हैं। कुलदीप रांका की करीब 5 दिन पहले तबीयत खराब हुई थी और वे तभी से सभी बैठकों में वीसी के जरिए जुड़ रहे थे। तकलीफ बढ़ने पर उन्होंने जांच करवाई थी जो 1 दिन पूर्व ही पॉजिटिव आई है। जनसंपर्क प्रकोष्ठ के पॉजिटिव आए दोनों सहायक निदेशक सचिवालय स्थित सीएमओ में बैठते हैं, लेकिन दोनों का मुख्यमंत्री निवास मे भी नियमित आना जाना होता है।
इधर सीएमआर के मुख्य द्वार के बाद एक कार्यालय बना हुआ है जिसमें पॉजिटिव आए दोनों लिपिक बैठते हैं। सभी पॉजिटिव के संपर्क में आए कार्मिकों को भी एहतियात के तौर पर अपनी अपनी जांच करवाने के लिए कह दिया गया है। वही दोनों जगह को सैनिटाइज करवाया गया है।
ब्यूरो रिपोर्ट!



0 टिप्पणियाँ