जोधपुर से पूर्णिमा बोहरा की रिपोर्ट।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कोरोना की रोकथाम के लिए अपनी सांसद निधि से 50 लाख रुपए की त्वरित सहायता उपलब्ध कराई है। शेखावत ने कहा कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, जोधपुर इस राशि से ऑक्सीजन कंसट्रेंटर और अन्य जीवन रक्षक दवाएं क्रय कर सकेंगे।
शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर हम सबके लिए चिंता का विषय है। हमें धैर्य बनाए रखते हुए एक-दूसरे की हरसंभव सहायता करनी होगी। यह जरूरी है कि संक्रमितों को उचित चिकित्सा तत्काल उपलब्ध हो और दवाओं में कमी न आए।
गौरतलब है कि 19 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री शेखावत जोधपुर आए थे और उन्होंने अधिकारियों से फीडबैक लिया था। तब उन्होंने कहा था कि हम सब मिलकर कोरोना महामारी से निपटेंगे। मंत्री शेखावत गत वर्ष कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए राजस्थान में मुख्यमंत्री सहायता कोष में अपने विवेकाधीन सांसद निधि से 25 लाख रुपए आवंटित कर चुके हैं। इसके अलावा मंत्री शेखावत ने कोविड-19 से निवारण हेतु देशभर में चल रहे प्रयासों को संबल प्रदान करते हुए सांसद निधि कोष से एक करोड़ रुपए की सहायता राशि पी एम केयर फंड में प्रदान की थी।


0 टिप्पणियाँ