श्रीगंगानगर। यहां पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है । दरअसल चोरी के आरोप में गिरफ्तार पांच महिलाओ का कोतवाली में इन दिनों रिमांड चल रहा है। आरोपी महिलाओं को हवालात के बजाय मासूम बच्चों के साथ बाहर रखा गया है। 2 साल तक  के इन 4 बच्चों की किलकारियां  दिनभर थाने में गूंजती रहती है और पुलिसकर्मी सारा दिन की सेवा में जुटे रहते हैं। 

7 माह से 2 साल तक की उम्र के यह बच्चे थाने के परिवार के सदस्य ही अब बन गए हैं । इनको खाने को वह सब दिया जाता है जो बच्चे पसंद करते हैं। जांच अधिकारी रमेश विनायक का कहना है कि गोल बाजार में कपड़ा चोरी करने के आरोप में पंजाब की इन पांच महिलाओं के साथ दो पुरुषों को भी गिरफ्तार किया गया था ।इनसे लगातार पूछताछ  की जा रही है। 

कोतवाल गजेंद्र जोधा ने पूरे थाने को सख्त निर्देश दे रखे हैं कि इन बच्चों के ध्यान रखने में कोई कमी न की जाए । गौरतलब है कि जब इन महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया तो न्यायाधीश ने इन महिलाओं से  बच्चों की तकलीफ को लेकर पूछा।  इस पर महिलाओं ने बताया कि उनके कोतवाली में पूरा ख्याल रखा जा रहा है ।इस पर न्याय अधिकारीयों ने भी पुलिस की कार्यशैली पर संतोष जताया। आरोपी महिलाओं को जिला अस्पताल से जांच करवा कर दवाएं भी दिलवाई गई है । पुलिस के इस मानवीय चेहरे की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।

 श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर।