अजमेर. मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा योजना के तहत दी जाने वाली वार्षिक छात्रवृत्ति को बंद किए जाने से छात्रों में गहरा रोष है । मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले सैंकड़ों छात्र रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। छात्रों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर अपने गुस्से का इजहार किया उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला जलाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया इसको लेकर कुछ देर के लिए पुलिस से छात्रों की झड़प भी हुई लेकिन बाद में समझाइश से छात्र मान गए। छात्रों ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द छात्रवृत्ति शुरू करवाने के लिए गुहार लगाई।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री मेहुल गर्ग, सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष व एबीवीपी के महानगर मंत्री विकास गोरा और सहमंत्री लॉ कॉलेज की छात्रा प्रमुख कविता दगदी ने बताया कि एक तरफ सरकार उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कर रही है। तो दूसरी ओर कोरोना के चलते विद्यार्थियों की वार्षिक 5 हजार रुपए की छात्रवृत्ति को बंद किया जा रहा है । 

जो कि छात्रों पर विपरीत असर डाल रही है। कोरोना के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और ऐसे समय में छात्रवृत्ति बंद करने से शिक्षा पर इसका प्रभाव पड़ेगा। इसके बाद छात्रोँ की ओर से जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन के जरिए छात्रवृत्ति जल्द ही शुरू करने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी भी दी गई कि अगर छात्रवृत्ति जल्द ही शुरू नहीं की जाती है तो एबीवीपी प्रदेश भर में उग्र आंदोलन चलाएगी जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

अजमेर से नवीन वैष्णव की रिपोर्ट