श्री गंगानगर से राकेश मितवा की खबर

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर  महावीर प्रसाद वर्मा ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इंदिरा काॅलोनी निवासी सुश्री मीनाक्षी व उसके भाई को जन सहयोग से एकत्रित की गई 15 लाख 64 हजार रूपये की राशि प्रदान की। 51 वर्षीय इन्द्रा देवी पिछले 11 सालों से बीमार है। इनका लिवर पूरी तरह खराब हो चुका है। चिकित्सकों ने लिवर ट्रांसप्लांट करने का सुझाव दिया है, जिस पर लगभग 15 लाख रूपये की राशि व्यय होनी है। कलक्टर ने बताया कि जिले के सेवाभावी लोगों ने महिला के उपचार के लिये 15 लाख रूपये से अधिक की राशि जनसहयोग से एकत्रित की है। एसडी बिहाणी संस्थान के  जयदीप बिहाणी के सौजन्य से इतनी बड़ी राशि एकत्रित हुई है।


स्वयं जयदीप बिहाणी ने एक लाख रूपये की राशि व अशोक चांडक परिवार ने भी एक लाख रूपये की राशि का सहयोग किया है। बिहाणी ट्रस्ट के जयदीप ने बताया कि जब हमें पता लगा कि  एक महिला का रूपयों के अभाव में उपचार नहीं हो रहा है। ऐसे में अपनी जान पहचान वालों से चर्चा की तो सभी ने सहयोग करने का आश्वासन दिया। और देखते-देखते ही थोड़े समय में 15 लाख 64 हजार रूपये की राशि एकत्रित हो गयी, जिसमें 10.96 लाख रूपये नकद तथा शेष राशि चेक के द्वारा संबंधित परिवार को प्रदान की गई है। उन्होंने कहा है कि महिला के उपचार में और भी मदद की आवश्यकता होगी तो और मदद की जायेगी। इस अवसर पर पूर्व सभापति अजय चांडक, धर्मवीर, लोकेश, सुभाष गुप्ता, पवन कुमार, रमेश कुक्कड़ सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।