जयपुर. राजकाज ब्यूरो। जयपुर विकास प्राधिकरण के मंथन सभागार में आयुक्त गौरव गोयल की अध्यक्षता में आला अधिकारियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री जन आवास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

जेडीसी गोयल ने संबंधित अधिकारियों को इस योजना के तहत निर्मित आवासों एवं भूखण्डों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जेडीए का मकसद ईडब्ल्यूएस, एलआईजी वर्ग के परिवारों को सस्ती दरों पर गुणवत्ता पूर्ण आवास उपलब्ध करवाना है।

गोयल ने मुख्यमंत्री जन आवास योजना के अंतर्गत आवासों/भूखण्डों की योजनाओं में विभिन्न प्रावधानों के तहत दी गई रियायतों का लाभ उपभोक्ता को नहीं देने की स्थिति में डेवेलपर को दी गई छूटें जेडीए द्वारा वापस लिए जाने के निर्देश दिए।

जेडीसी ने मुख्यमंत्री जन आवास योजना के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत निर्मित आवासों एवं भूखण्डों की योजनाओं की सूचना जेडीए वेबसाईट (गूगल शीट) पर अलग से प्रदर्शित किए जाने के निर्देश भी दिए। 

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री जन आवास योजना के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत निर्मित आवासों एवं भूखण्डों में जविप्रा एवं राज्य सरकार द्वारा भूमि कनवर्जन, भवन मानचित्र आदि चार्जेज में छूट जाती है।