जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान क्रिकेट एसोशिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष और वसुंधरा राजे के समर्थक अमीन पठान बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। अमीन पठान के साथ कोटा दक्षिण नगर निगम के वार्ड नंबर 34 से पार्षद असमा पठान, पूर्व पार्षद शहनाज कुरैशी, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश चोन, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष डॉ. मुश्ताक अहमद, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री फिरोज पठान, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कोटा देहात के जिलाध्यक्ष फिरोज खान, भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री हुसैन देशवाली समेत कई नेताओं ने कांग्रेस पार्टी जॉइन की। सबसे ख़ास बात अमीन पठान और अन्य मुस्लिम नेताओं ने जिस दिन और जिस समय कांग्रेस ज्वाइन की उस वक़्त AIMIM के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी जयपुर में जनसम्पर्क कर रहे थे। आने वाले दिनों में  उनके अलावा उनके छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी भी प्रदेश में सभाएं करेंगे।  ऐसे में इन नेताओं को  कांग्रेस में एंट्री करवाकर CM गहलोत ने मुस्लिम वोटरों को साफ़ सन्देश दिया है।  

राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा और सीएम अशोक गहलोत ने सभी लोगों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर कांग्रेस जॉइन करवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जो व्यक्ति पूरी तरह से बीजेपी में समर्पित है, वो लोग कांग्रेस में आए हैं। जिस तरह का माहौल बीजेपी ने बना रखा है, कोई भी व्यक्ति यह प्रश्न नहीं करेगा कि मैं ऐसे माहौल में काम कर सकूं। यही कारण हैं कि इन्होंने कांग्रेस पार्टी जॉइन की है। कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है। इसका शानदार इतिहास रहा है। आजादी के बाद भी इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे लोगों ने कुर्बानियां दी।

अमीन पठान ने कहा- मैं पिछले 25 सालों से बीजेपी में पार्षद से लेकर कई बोर्ड का अध्यक्ष रहा हूं। जब हमने भाजपा जॉइन की थी, तब भैरों सिंह शेखावत और अटल जी की भाजपा होती थी। जो नारा बीजेपी की ओर से दिया गया है, सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास, वह तब तो दिखता था लेकिन आज कहां दिखता है। मैं मीडिया के माध्यम से उनसे पूछना चाहता हूं कि पिछड़ा वर्ग, युवाओं, अकलियतों और खास तौर से खिलाड़ियों के साथ जो व्यवहार भाजपा कर रही है, क्या उसके अंदर सबका साथ, सबका विश्वास है। आज हम सभी लोगों ने आहत होकर भाजपा से त्यागपत्र दिया है। हमारे पास और भी ऑप्शन थे अलग-अलग पार्टियों के, लेकिन पिछले 5 साल में कांग्रेस सरकार ने जो काम किया है, उनसे प्रभावित होकर हम कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं।