जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर से गुरुवार को तीन बड़े नामों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें कांग्रेस से अर्चना शर्मा, बाबूलाल नागर के अलावा भाजपा से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने नामांकन पत्र भरा। इस दौरान सभी ने अपनी संपत्ति की जानकारी दी है। जयपुर में दूदू से बाबूलाल नागर, मालवीय नगर से अर्चना शर्मा और आमेर सीट सतीश पूनिया ने नामांकन पत्र भरे है। इन तीनों की संपत्तियों की स्थिति देखें तो बाबूलाल नागर करोड़ पति हैं। उनकी संपत्ति में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है। उन्होंने पत्नी को भी पैसे उधार दे रखे हैं।

जयपुर की दूदू सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी बाबूलाल नागर की संपत्ति में पौने तीन करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है, जबकि उनकी पत्नी की संपत्ति में 66 लाख रुपए जुड़े है। नागर की इतनी संपत्ति पिछले 5 साल में बढ़ी में है।

नागर ने जब साल 2018 में चुनाव लड़ा था। तब उनकी चल और अचल संपत्ति कुल मिलाकर 5.09 करोड़ रुपए की थी। जबकि उनकी पत्नी सुनीता नागर के पास 2.54 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। पांच साल में नागर की संपत्ति बढ़कर 7.86 करोड़ और पत्नी की 3.05 करोड़ रुपए हो गई है। इतनी ज्यादा संपत्ति होने के बाद भी नागर के पास खुद के नाम से कोई कार या मोटर साइकिल नहीं है। जबकि उनकी पत्नी के नाम एक बलेनो कार और एक 38.12 लाख रुपए कीमत की एमजी ग्लोस्टर कार है।

नागर में पत्नी को दे रखे है 43.70 लाख रुपए उधार
बाबूलाल नागर में अपने शपथ पत्र में बताया- उन्होंने 4 व्यक्तियों या संस्थाओं को 53.60 लाख रुपए उधार दे रखा है। इस सूची में उनकी पत्नी सुनीता नागर भी शामिल हैं। उन्होंने अपनी ही पत्नी को 43.70 लाख रुपए उधार दे रखे हैं। जबकि आर वी एंटरप्राइजेज को 6 लाख, श्रीमती लोकेंद्र कंवर को 1 लाख और रघुराज सिंह नाम के व्यक्ति को 2.90 लाख रुपए उधार दे रखे है।

5 लाख में नहीं बढ़ी मकान, चांदी की कीमत
बाबूलाल नागर ने जो अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया है उसमें मुहाना मंडी के पास अमृत नगर में एक भूखण्ड, एक मकान इंदिरा गांधी नगर में, महारानी फार्म पर एक कॉमर्शियल बेसमैंट के अलावा अन्य संपत्तियां दर्शायी है। इनकी बाजार कीमत साल 2018 में जो बताई थी, उतने ही कीमत साल 2023 में बताई है। यही नहीं सोने-चांदी की कीमतों में भी 5 साल में कोई इजाफा नहीं होना बताया है।

करोड़पति सतीश पूनिया के पास भी खुद की कार नहीं
बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और आमेर से भाजपा प्रत्याशी सतीश पूनिया की संपत्ति में पिछले पांच साल में 78 लाख रुपए का इजाफा हुआ है। करोड़पति राज नेताओं की श्रेणी में होने के बाद भी उनके पास खुद के नाम की कार नहीं है। पूनिया के नाम आज भी एक होण्डा स्कूटर ही है, जबकि उनकी पत्नी मोहिनी पूनिया के 18 लाख रुपए कीमत की स्कोडा कार है। साल 2018 तक पूनिया के पास कुल संपत्ति 2.58 करोड़ रुपए मूल्य की थी। जो अब बढ़कर 3.36 करोड़ रुपए मूल्य की हो गई है।

अर्चना शर्मा की सम्पत्ति बढ़ी, लेकिन पति की हुई कम
मालवीय नगर से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अर्चना शर्मा की संपत्ति में पिछले 5 साल में 47.76 लाख रुपए का इजाफा हुआ है, लेकिन उसके बावजूद वे करोड़पति राजनेताओं की श्रेणी में नहीं आ पाई है। उनके पास वर्तमान में चल और अचल संपत्ति कुल 88.76 लाख रुपए कीमत है। इसमें एक फ्लैट, एक इंडिका कार, बैंक में नकदी और कुछ ज्वेलरी है। वहीं, उनके पति सोमेन्द्र शर्मा की संपत्ति में 5 साल में करीब 20 लाख रुपए की कमी आई है। उनके पति की साल 2018 में कुल संपत्ति 86.16 लाख रुपए कीमत की थी, जो कम होकर अब 66 लाख रुपए हो गई है।