भीलवाड़ा ब्यूरो रिपोर्ट। 

भाजपा की पहली लिस्ट जारी होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में विरोध बढ़ता जा रहा है। अब पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कई पदाधिकारियों ने आलाकमान से मुलाकात कर मीणा को टिकट नहीं देने की मांग की है। इकार्यकर्ताओं ने कहा- जहाजपुर सीट से मीणा को टिकट मिलता है तो पार्टी को कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेलनी पड़ेगी।

दरअसल,भाजपा की अगली सूची में जहाजपुर के टिकट की घोषणा होने वाली है। इससे पहले ही जहाजपुर नगर पालिका चेयरमैन नरेश मीणा, पंचायत समिति सदस्य बनवारी शर्मा, एसटीमोर्चा जिलाध्यक्ष महेंद्र मीणा, रामप्रसाद मीणा व जिला उपाध्यक्ष सतीश मीणा ने प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी से मुलाकात की है।

इन सभी ने प्रदेश प्रभारी व प्रदेशाध्यक्ष को जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा है और इस बार टिकट नहीं देने की मांग की है। उन्होंने विधायक मीणा पर भ्रष्टाचार, अपने चेहतों की मदद करने, कार्यकर्ताओं को तवज्जो नहीं देने व अभद्र भाषा के कारण विवादों में रहने के आरोप लगाए है।

प्रभारी मंत्री से कहा-कांग्रेस की मदद की
जहाजपुर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो शिकायत पत्र सौंपा उसमें उन्होंने बताया कि 2020 में जब कांग्रेस सरकार गिरने की बातें तेज थी, उस समय विधायक मीणा द्वारा कांग्रेस से पैसे लेकर उनकी सरकार बचाने की बात पूरी विधानसभा में फैली हुई है। इसके साथ ही विधायक पर भ्रष्टाचार, अधिकारियों व कर्मचारियों से पैसा वसूली, विधायक फंड का गलत उपयोग करने, अपने चेहते कार्यकर्ताओं की मदद करने सहित कई आरोप लगाए।