जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पेपर लीक के आरोपी भूपेंद्र सारण को सोमवार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से सारण की 5 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन तीन दिन की मिली। इसके बाद अधिकारी भूपेंद्र सारण को ईडी मुख्यालय लेकर गए हैं। यहां सारण से पेपर लीक के संबंध में पूछताछ करेगी कि कितने लोगों को पेपर बेचे गए। पैसों का क्या किया। कौन-कौन सी संपत्ति खरीदी।

ईडी से मिली जानकारी के अनुसार, पेपर लीक के मुख्य आरोपी बाबूलाल कटारा से पूछताछ के दौरान जो सूचना मिली। उस पर ईडी के अधिकारी पिछले दो माह से काम कर रहे थे। अब पेपर लीक में भूपेंद्र सारण की भूमिका, कटारा और सारण के संबंध के बारे में पूछताछ होगी।

दरअसल, भूपेंद्र सारण को राजस्थान एटीएस ने 23 फरवरी 2023 को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार करने के बाद सारण को उदयपुर कोर्ट में पेश कर पूछताछ की थी। इसके बाद सारण से उदयपुर पुलिस ने भी कुछ दिनों तक पूछताछ की थी। इसी पूछताछ के दौरान पुलिस ने कटारा को पेपर लीक का मुख्य आरोपी बनाकर पकड़ा था।

इसी एफआईआर पर ईडी ने दो माह पूर्व कटारा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की की थी। इसमें कटारा ने ईडी को भूपेंद्र सारण की भूमिका और उसके लिंक के बारे में जानकारी दी थी। जिस पर आज ईडी के अधिकारियों ने भूपेंद्र सारण को जेल से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया हैं।

जांच में सामने आया था की पेपर 8 से 10 लाख में बिके

पुलिस जांच में सामने आया था कि कटारा से पेपर लेकर भूपेंद्र सारण ने 8 से 10 लाख रुपए में बेचा। ईडी सारण से जानना चाहती है कि वह कितने लोगों को यह पेपर बेच चुका था। पेपर बेचने से मिले हुए पैसों का सारण ने क्या किया। कौन-कौन की संपत्ति उसने इस पैसे से अर्जित की। पैसों कै ट्रांजैक्शन को लेकर पुलिस के पास भी कई सबूत हैं। ईडी इस पर और अधिक काम करने वाली है।

यह था मामला

उदयपुर पुलिस ने 24 दिसंबर को बेकरिया (उदयपुर) थाने के बाहर 49 अभ्यर्थियों से भरी बस को पकड़ा था। ये सभी चलती बस में आरपीएससी के सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती के जीके का लीक पेपर सॉल्व कर रहे थे। पुलिस की सूचना पर आरपीएससी ने पेपर को रद्द कर दिया था।

कौन है भूपेंद्र सारण?

भूपेंद्र सारण साल 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट प्रकरण और वर्ष 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। जेल भी जा चुका है। पुलिस जयपुर से भूपेंद्र सारण की गर्लफ्रेंड और पत्नी को भी गिरफ्तार कर चुकी है।