जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।   

केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सीएम अशोक गहलोत की तुलना बूढ़े शेर से करते हुए कहा कि जिस तरह से बूढ़ा शेर जब शिकार नहीं कर पाता है तो वह नदी किनारे पोटली लेकर बैठता है। कहता है मैं आजकल साधु हो गया हूं। मैं अब शिकार नहीं करता हूं। जो मेरे पास आएगा उसे मैं सोने की कंकर दूंगा। उन्होंने कहा कि आज अशोक गहलोत और कांग्रेस पार्टी की हालत कुछ ऐसी ही हो गई हैं। जिस तरह से बूढ़े शेर ने हिरण को प्रलोभन दिया था। उसी तरह से अशोक गहलोत राजस्थान की जनता को प्रलोभन दे रहे हैं।

सरकार गिराने के आरोपो पर बोले-मैं कहां से बीच में आ गया

केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सरकार गिराने के आरोपो को लेकर कहा कि अशोक गहलोत व पायलट का मामला उनके घर का विषय है। गहलोत बड़े नेता हैं। सचिन पायलट उनकी सरकार में मंत्री थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष थे। उन्हीं की पार्टी के युवराज के खास थे। इसमें धर्मेन्द्र प्रधान कहां से बीच में आ गया।

गौरतलब है कि साल 2020 के सियासी संकट को लेकर अक्सर अशोक गहलोत बीजेपी पर उनकी सरकार को गिराने का आरोप लगाते हैं। उसमें गहलोत गजेन्द्र सिंह शेखावत के साथ-साथ केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के भी शामिल होने की बात कहते हैं।

50 दिन बाद बन रही भाजपा की सरकार

केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने आज जयपुर संभाग की 50 विधानसभा सीटों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। संवाद के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज से 50 दिन बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते दिख रही है। जनता यह तय कर चुकी हैं। उन्होंने प्रदेश बीजेपी कार्यालय में जयपुर संभाग के सोशल मीडिया वॉलंटियर्स की बैठक भी ली। जिसे संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा दौर में सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल कर विभिन्न माध्यमों के जरिये केंद्र सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार और राज्य सरकार के कुशासन को जनता के बीच उजागर करें।